महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलकर लक्ष्य हासिल करें युवा : डॉ. महेंद्र सिंह
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप अदम्य साहस, स्वाभिमान और वीरता के प्रतीक थे। उन्होंने घास की रोटी खाना स्वीकार किया लेकिन मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं की। उनके त्याग और संघर्ष की गाथा आज भी देश-दुनिया में प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जिस आत्मनिर्भर और गौरवशाली भारत का सपना देखते थे, आज देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद सलमान शेख की टीम ने गणेश वंदना प्रस्तुत करते हुए महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
समिति सदस्य ओम प्रकाश सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए समिति द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा महाराणा प्रताप पार्क के समीप संग्रहालय हाल निर्माण की योजना से अवगत कराया।
इसके बाद अतिथियों ने पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले अभिषेक सिंह, विशाल सिंह, राजिता सिंह, हिमालय सिंह, आदित्य सिंह, विनीत सिंह, किशन सिंह और प्रमय सिंह सहित यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में जनपद टॉपर रहे छात्र राजशेखर सिंह को सम्मान पत्र एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद डा. कृष्ण प्रताप सिंह, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, पूर्व विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, पूर्व चेयरमैन कमला सिंह समेत बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शरद सिंह ने किया जबकि आभार वरिष्ठ पत्रकार शशि मोहन सिंह क्षेम ने ज्ञापित किया।

