जिला कारागार में डीएम का औचक निरीक्षण, बैरकों की ली तलाशी
जौनपुर: जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बैरकों की सघन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से संवाद किया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बंदियों से भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद जिलाधिकारी ने जेल अस्पताल का निरीक्षण किया तथा वहां भर्ती बंदियों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन किया। बंदियों ने बताया कि उन्हें समय से दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और समुचित उपचार मिल रहा है।
डीएम ने पाकशाला का भी निरीक्षण किया और बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान भोजन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण में किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई। जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखा जाए तथा बंदियों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

