दुल्हा हत्याकांड के तीन फरार बदमाशों पर एक-एक लाख का इनाम
बारात निकलने के कुछ देर बाद दूल्हे की गोली मारकर हत्या से दहला था जौनपुर, अब पुलिस ने तेज की तलाश
जौनपुर।बीते एक मई को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दुल्हा हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई थीं, जब बारात लेकर निकले दूल्हे की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अब इस चर्चित हत्याकांड में फरार चल रहे तीन बदमाशों पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन की ओर से जारी आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। पुलिस का मानना है कि इनामी घोषणा के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी।
पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में वांछित आरोपी प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। तीनों के खिलाफ थाना खेतासराय में हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
एक मई की रात सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई थी, जब दूल्हा आजाद बिंद अपनी बारात लेकर निकला था। परिवार और रिश्तेदार शादी की खुशियों में डूबे थे, लेकिन अचानक बदमाशों ने हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ फायरिंग में दूल्हे को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शादी वाले घर में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े किए थे।
दुल्हा हत्याकांड को पुलिस ने प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। एसटीएफ समेत कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आरोपियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

