गैस संकट गहराया, सिलेंडर के लिए रातभर लाइन में खड़े रहने को मजबूर ग्रामीण
https://www.shirazehind.com/2026/05/blog-post_796.html
जौनपुर। जिले के परियावाँ गांव समेत आसपास के इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को रातभर लाइन लगानी पड़ रही है, बावजूद इसके कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गैस सिलेंडर की गाड़ी सप्ताह में केवल एक या दो दिन ही पहुंच रही है। सप्लाई की कोई निश्चित जानकारी न मिलने से उपभोक्ता असमंजस में रहते हैं। कई बार लोग पूरी रात एजेंसी के बाहर इंतजार करते हैं और सुबह पता चलता है कि उस दिन गैस की गाड़ी आएगी ही नहीं।
ग्रामीणों का कहना है कि एजेंसी पर पूछने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं बताया जाता कि गैस सप्लाई किस दिन और कितने बजे पहुंचेगी। अव्यवस्था के चलते महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज के गांवों से आने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गैस आपूर्ति व्यवस्था को नियमित करने, उपभोक्ताओं को समय से सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग की है।

