प्रयागराज से बदलापुर जा रही बस खाई में पलटी, परिचालक की मौत
जौनपुर। महाराजगंज थाना क्षेत्र के चेती रामनगर के पास सोमवार को प्रयागराज से बदलापुर जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में बस परिचालक की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री घायल हो गए। घायलों में एक ही परिवार के पांच सदस्य बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अमन बस सर्विस की बस प्रयागराज से बदलापुर की ओर जा रही थी। चेती रामनगर के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां गंभीर रूप से घायल बस परिचालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा चालक को झपकी आने या बस का स्टेरिंग फेल होने की वजह से हुआ हो सकता है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य तक रवाना कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

