मो. हसन पीजी कॉलेज में लगा विशाल रोजगार मेला, युवाओं को मिले रोजगार
जौनपुर। शहर स्थित मो. हसन पीजी कॉलेज में मंगलवार को विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने हिस्सा लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस मेले का उद्देश्य शिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ रोजगारपरक अवसरों का जुड़ना अत्यंत आवश्यक है और महाविद्यालय युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल कंपनियों एवं प्रतिभागियों का आभार भी व्यक्त किया।
रोजगार मेले में बैंकिंग, लॉजिस्टिक्स समेत विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभ्यर्थियों का पंजीकरण, इंटरव्यू एवं चयन प्रक्रिया पूरे दिन चलती रही। बड़ी संख्या में युवाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे रोजगार पाने का सुनहरा अवसर बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अभिषेक कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने मेले की रूपरेखा तैयार करने के साथ कार्यक्रम के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके बेहतर प्रबंधन एवं समन्वय की सभी ने सराहना की। उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समन्वयक मोहम्मद इलियास ने व्यवस्थाओं का संचालन करते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. सलीम, डॉ. जीवन यादव, अंशुमान, हर्ष एवं राज ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

