स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पौत्र संग दुर्व्यवहार पर भड़के डॉक्टर, डीएम से कार्रवाई की मांग

 

जौनपुर। थाना तेजीबाजार में एक सम्मानित डेंटल सर्जन एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्य के साथ  पुलिसिया दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। क्षेत्र के हैदरपुर गांव निवासी डॉ. प्रभात विक्रम सिंह, जो शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जमींदार सिंह के पौत्र हैं, के साथ अभद्रता और उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को चिकित्सकों एवं गणमान्य लोगों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि डॉ. प्रभात विक्रम सिंह अपनी पैतृक भूमि पर हो रहे  अवैध निर्माण की शिकायत लेकर 25 मई को थाना तेजीबाजार पहुंचे थे। आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय थाना प्रभारी सत्येंद्र भाई पटेल द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। कथित तौर पर उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया, जूते-बेल्ट उतरवाए गए और घंटों लॉकअप में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बाद में धारा 151 के तहत चालान कर दिया गया।

मामले को लेकर चिकित्सकों में खासा आक्रोश है। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि जिस परिवार ने देश की आजादी में योगदान दिया, उसके सम्मानित सदस्य के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि एक शिक्षित और प्रतिष्ठित चिकित्सक के साथ ऐसा हो सकता है तो आम नागरिक खुद को कितना असुरक्षित महसूस करेगा, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

डॉक्टरों ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों पर विभागीय व कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

जिलाधिकारी से मिलने वालों में इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) के अध्यक्ष डॉ. गौरव मौर्य, डॉ. रजनीश द्विवेदी, डॉ. संजीव पाण्डेय, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. मोईन खान, डॉ. हर्ष, डॉ. दीपक विश्वकर्मा समेत दर्जनों चिकित्सक शामिल रहे।

Related

JAUNPUR 5245551533023368577

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item