एनकाउंटर के बाद गरमाया माहौल, कड़ी सुरक्षा में हुआ रवि यादव का अंतिम संस्कार
जौनपुर । जिले का चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपी और पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख के इनामी रवि यादव का रविवार को पोस्टमार्टम के बाद नगर के रामघाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार करा दिया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
रवि यादव की मौत के बाद उसके घर में मातम पसरा रहा। परिवार की महिलाएं रो-रोकर बेहाल दिखीं और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाती रहीं। परिजनों ने एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए आरोप लगाया कि रवि को यादव जाति का होने की वजह से निशाना बनाया गया। महिलाओं ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने की बात कहते हुए जमकर हंगामा किया।
सबसे ज्यादा तनाव उस समय देखने को मिला जब परिवार के लोग शव को घर ले जाकर अपने रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने की मांग पर अड़ गए। महिलाएं चीखती-चिल्लाती रहीं और पुलिस से शव सौंपने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शव को अपनी निगरानी में रखा।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शव को सीधे रामघाट ले जाया गया, जहां पुलिस कस्टडी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान घाट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही।
गौरतलब है कि रवि यादव वही आरोपी था, जिस पर एक मई को बारात के दौरान दूल्हा आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। शनिवार देर रात खेतासराय क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में वह घायल हुआ था और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एनकाउंटर के बाद से जिले में माहौल गर्म है। सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क दिखाई दे रहा है।

