एनकाउंटर के बाद एक्शन मोड में DIG वैभव कृष्ण, घायल इंस्पेक्टर का जाना हाल
जौनपुर। चर्चित दूल्हा हत्याकांड में एक लाख के इनामी बदमाश रवि यादव के एनकाउंटर के बाद वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मुठभेड़ में घायल लाइन बाजार थाना प्रभारी के.पी. सिंह का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि 24/25 मई की रात खेतासराय थाना क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश रवि यादव घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। रवि यादव एक मई 2026 को बारात के दौरान दूल्हा आजाद बिंद की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था।
मुठभेड़ के दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी के.पी. सिंह गोली लगने से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। वहीं एसओजी के उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश शुक्ला और प्रवीण यादव की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए।
DIG वैभव कृष्ण ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया और बाद में घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूल्हा हत्याकांड में फरार अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे मामले का खुलासा कर कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

