जहां सत्ता, प्रशासन और सुरक्षा की कमान संभाल रही हैं युवा महिलाएं, महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बना मछलीशहर

लोलारक दुबे

जौनपुर, 12 मई। उत्तरप्रदेश में पूर्वांचल की धरती पर बसे जौनपुर जिले की मछलीशहर तहसील में इन दिनों एक ऐसा अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है, जो केवल संयोग नहीं बल्कि बदलते भारत की नई तस्वीर प्रतीत होता है। यह तहसील आज महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल बनकर उभरी है, जहां लोकतंत्र, प्रशासन और कानून व्यवस्था की अहम जिम्मेदारियां युवा महिलाओं के हाथों में हैं।

                           कहते हैं कि जब समाज की आधी आबादी नेतृत्व की भूमिका में आती है, तब बदलाव केवल दिखाई नहीं देता बल्कि महसूस भी होता है। मछलीशहर इस परिवर्तन का सशक्त उदाहरण बन गया है। यहां की सांसद, विधायक, उप जिलाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक—चारों महत्वपूर्ण पदों पर युवा महिलाएं कार्यरत हैं। यह दृश्य न केवल प्रेरणादायक है बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला भी है।

                           मछलीशहर संसदीय क्षेत्र का अपना गौरवशाली इतिहास रहा है। आजादी के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से जुड़ा यह क्षेत्र अब एक नई पहचान गढ़ रहा है। समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज देश की सबसे युवा सांसदों में शुमार हैं। उनकी सक्रियता और युवा ऊर्जा क्षेत्र की राजनीति में नई चेतना का संचार कर रही है। वह क्षेत्र की समस्याओं को लगातार संसद में उठाकर क्षेत्र का विकास कर रही है। सड़क, बिजली से लेकर स्टेशनों पर रेल के ठहराव की समस्याओं का निदान कराया। वह खुद सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता रही और उनके मंगेतर रिंकू सिंह आईपीएल के लोकप्रिय खिलाड़ी हैं। इससे क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और बढ़ती जा रही है। वह बहुत ही सहज सरल है क्षेत्र की जनता का सौभाग्य है कि उनके फोन लगातार वह उठाती हैं और उनकी समस्याओं का समूचित समाधान भी करती है। सांसद महोदय ने अपने पीआरओ को भी सख्त निर्देश दिया है, जनता के आने वाले हर काल को रिसीव किया जाए और उनकी समस्या का समाधान किया जाए। उनकी सहायता और काम के प्रति सक्रियता के चलते क्षेत्र की जनता में काफी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि अपने प्रतिभा और काम के बल पर मैं जनता के दिल में जगह बनाना चाहती हूं।

                           इसी प्रकार मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र की बागडोर भी युवा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर के हाथों में है। प्रशासनिक मोर्चे पर भी तस्वीर उतनी ही प्रेरक है। हाल ही में उप जिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रहे कुमार सौरभ के गाजियाबाद मुख्य विकास अधिकारी पद पर स्थानांतरण के बाद जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बदलापुर की उप जिलाधिकारी योगिता सिंह को मछलीशहर का नया एसडीएम नियुक्त किया है। युवा और ऊर्जावान अधिकारी के रूप में उनकी कार्यशैली पहले से चर्चा में रही है। वहीं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहीं पुलिस उपाधीक्षक प्रतिभा वर्मा भी अपनी कर्मठता और सक्रियता से जनता के बीच भरोसे का वातावरण बना रही हैं। प्रशिक्षण के बाद उनकी यह दूसरी तैनाती है, लेकिन कार्यशैली में परिपक्वता साफ दिखाई देती है।

                               यह अपने आप में दुर्लभ संयोग है कि एक ही तहसील में सांसद, विधायक, उप जिलाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक जैसे चारों प्रभावशाली पदों पर युवा महिलाएं कार्यरत हैं। यह केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं बल्कि बदलते सामाजिक ढांचे का संकेत है, जहां महिलाएं अब निर्णय लेने वाली भूमिका में मजबूती से खड़ी हैं। केंद्र और प्रदेश सरकारें लंबे समय से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही हैं। मछली शहर तहसील क्षेत्र की निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी कहती है कि संसद में महिलाओं के लिए आरक्षण विधेयक पारित होना भी इसी दिशा का बड़ा कदम माना जा रहा है। भले ही उसका पूर्ण क्रियान्वयन अभी शेष हो, लेकिन मछलीशहर ने यह साबित कर दिया है कि महिलाओं की नेतृत्व क्षमता किसी आरक्षण की मोहताज नहीं है। पूर्वांचल की यह तहसील आज एक संदेश दे रही है—

"जब बेटियां नेतृत्व करती हैं, तब समाज केवल आगे नहीं बढ़ता, बल्कि नई सोच के साथ बदलता भी है।"

Related

JAUNPUR 5937589214152726047

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item