ईद-उल-अजहा : डीएम बोले- नई परंपरा नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर
जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 28 जून को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल एवं कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। नगर निकायों को साफ-सफाई एवं वेस्टेज निस्तारण, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जाए। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग की सभी तैयारियां पूरी हैं और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल स्थानीय थाना एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

