शहीद पत्रकार आशुतोष को नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, बोले पत्रकार—हत्यारों को सजा मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं थी, बल्कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला था। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेगा तो समाज की आवाज भी दब जाएगी। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मामले की विवेचना में शुरू से ही लापरवाही बरती गई, जिसके चलते पीड़ित परिवार आज भी न्याय के लिए भटक रहा है।
सभा में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि आशुतोष श्रीवास्तव निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। उनकी हत्या ने पूरे पत्रकार समाज को झकझोर कर रख दिया था।
ज्ञात हो कि शाहगंज थाना क्षेत्र के इमरानगंज बाजार में 13 मई 2024 को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सबरहद गांव निवासी पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे जिले में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले में आशुतोष के भाई संतोष श्रीवास्तव ने नासिर जमाल, कामरान उर्फ अर्फी, मोहम्मद हाशिम और जमीरुद्दीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
श्रद्धांजलि सभा में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठा कि पुलिस विवेचना के दौरान मुख्य अभियुक्त नासिर जमाल का नाम बाहर कर दिया गया, जिस पर पीड़ित परिवार ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वादी मुकदमा संतोष श्रीवास्तव ने मामले की पुनः विवेचना कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब तक सभी आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होगी, तब तक परिवार को न्याय नहीं मिल सकेगा।
सभा के अंत में पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संगठन आंदोलन करने को बाध्य होंगे। सभी ने आशुतोष श्रीवास्तव को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजकुमार सिंह, राजेश श्रीवास्तव, रामजी जायसवाल, संजय अस्थाना, शशिराज सिन्हा, अजय शुक्ला, प्रो० आशा राम यादव, अजीत सिंह, जावेद अहमद, अब्दुल हक अंसारी, आदित्य भारद्वाज, दीपक श्रीवास्तव, राजन मिश्रा, नितिश कुमार, राहुल, दीपक मिश्रा, नीरज सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, वीरेंद्र पाण्डेय, विनोद विश्वकर्मा, रोहित चौबे, अबिश इमाम, तबरेज नियाजी, अनवर हुसैन, सुनील सिंह, शिवेंद्र सिंह ‘काजू’, दीपक सिंह उर्फ रिंकू, संजय चौरसिया, भोले विश्वकर्मा सहित आशुतोष श्रीवास्तव के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव, परितोष श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, भतीजे अमित श्रीवास्तव, अंकित , अर्पित श्रीवास्तव, और राम मिलन मौर्या समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

