लखनऊ में जौनपुर के प्रॉपर्टी कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पूरी वारदात CCTV में कैद

लखनऊ। राजधानी के अंतर्गत कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने जौनपुर निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल संदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि जौनपुर जिले के अंतर्गत टेकारी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र संदीप सिंह किसी काम से बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। हमले में एक गोली उनके सिर के पास लगी, जिससे वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
मौके पर मौजूद चालक ने गंभीर हालत में संदीप को तत्काल एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गांव निवासी विनोद सिंह ने बताया कि संदीप बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। वह दो दिन पहले ही गांव आए थे। वहीं रिश्तेदार मनोज सिंह ने बताया कि संदीप वर्ष 2018 से प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने अपनी पढ़ाई भी लखनऊ में ही पूरी की थी। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह को लेकर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
