बोल बम कांवरिया संघ की बैठक सम्पन्न, 7 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
जौनपुर। बोल बम कांवरिया संघ जौनपुर की ओर से आयोजित एक आवश्यक बैठक रविवार को शंभूगंज स्थित शिव मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में संघ के पदाधिकारियों, संरक्षक मंडल एवं सदस्यों ने आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा एवं भव्य शोभायात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास के अवसर पर भव्य शोभायात्रा, कांवड़ यात्रा एवं भगवान शिव की आकर्षक झांकियों के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संघ द्वारा घोड़ों एवं शिव झांकियों के साथ शोभायात्रा 7 अगस्त (शुक्रवार) को प्रातःकाल हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर से प्रारम्भ होगी।
शोभायात्रा सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलंदगंज, शाही पुल, कोतवाली चौराहा, सब्जी मंडी, सुत्तहट्टी बाजार, अहियापुर एवं भंडारी रेलवे स्टेशन होते हुए पहुंचेगी। इसके बाद कांवरिये ट्रेन द्वारा सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे। वहां से पवित्र गंगाजल भरकर श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
बैठक में आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई।
यह निर्णय संघ के समस्त संरक्षक मंडल, पदाधिकारियों एवं सम्मानित सदस्यों की सहमति से लिया गया। बैठक में संघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार साहू, महासचिव विमल सिंह सहित बड़ी संख्या में बोल बम श्रद्धालु एवं सदस्य उपस्थित रहे।

