कभी अपराधियों के लिए काल रहा सिपाही, आज अपनी ही चोरी की एफआईआर के लिए भटक रहा दर-दर
नगर कोतवाली क्षेत्र के ख्वाजादोस्त (भोराजीपुर) निवासी रामलखन यादव पुलिस विभाग में सिपाही रहे हैं। पुलिस महकमे में उनकी पहचान एक जांबाज सिपाही के रूप में रही है। वह कुख्यात अपराधी प्रकाश पाक्या, बालू केवट समेत कई चर्चित अपराधियों के खिलाफ चली पुलिस मुठभेड़ों और विशेष अभियानों की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पहचाने जाने वाले रामलखन यादव ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि एक दिन उन्हें अपने ही घर में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई के लिए अधिकारियों के दरवाजे खटखटाने पड़ेंगे।
पीड़ित द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार 10 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की सूचना 11 जून को कोतवाली पुलिस को लिखित रूप से दे दी गई, लेकिन आरोप है कि अब तक न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई।
चोरी गए सामान में सोने का झाला, टप्स, मंगलसूत्र, अंगूठियां, मांगटीका, नथिया, चांदी के सिक्के, पायल, चांदी का गिलास, करधन समेत अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
राम लखन यादव का कहना है कि थाना कोतवाली में शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने पर अब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई गई है। मामले ने पुलिस महकमे के भीतर भी चर्चा का विषय बना दिया है। लोगों का कहना है कि यदि एक पूर्व पुलिसकर्मी को अपनी शिकायत पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं तो आम नागरिकों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और वर्षों तक अपराधियों के खिलाफ मोर्चा संभालने वाले सिपाही को न्याय दिलाने में कितनी संवेदनशीलता दिखाता है।

