सिटी स्टेशन पर सपा नेताओं का हंगामा, रेल अधिकारियों पर लगाया भेदभाव का आरोप

 पटना-कोटा एक्सप्रेस के ठहराव समारोह में सांसद प्रतिनिधि को मंच न मिलने पर जताई नाराजगी, एडीआरएम से की शिकायत

जौनपुर। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को पटना-कोटा एक्सप्रेस के ठहराव शुभारंभ समारोह के दौरान राजनीतिक रंग देखने को मिला। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेताओं को मंच पर स्थान और बोलने का अवसर नहीं मिलने से नाराज सपाइयों ने रेल अधिकारियों के खिलाफ जमकर विरोध जताया। उन्होंने रेलवे प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रतिनिधि मनोज मौर्य समेत कई पार्टी नेता कार्यक्रम में मौजूद थे। आरोप है कि समारोह में भाजपा के जनप्रतिनिधियों को प्रमुखता दी गई, जबकि सपा सांसद के प्रतिनिधि को मंच से संबोधित करने का अवसर नहीं दिया गया। इसे लेकर सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।

सपा नेता राहुल त्रिपाठी ने मौके पर मौजूद अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) गरिमा सिंह से शिकायत करते हुए कहा कि कार्यक्रम में सपा सांसद के प्रतिनिधि मनोज मौर्य और अन्य पार्टी नेताओं की पूरी तरह उपेक्षा की गई। उनका आरोप था कि भाजपा के सांसद और विधायक को पूरा महत्व दिया गया, जबकि पटना-कोटा एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव के लिए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने लगातार प्रयास किए थे। इसके बावजूद किसी भी वक्ता ने उनके योगदान का उल्लेख तक नहीं किया।

सपाइयों ने रेलवे अधिकारियों से कार्यक्रमों में सभी जनप्रतिनिधियों को समान सम्मान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी आयोजनों को राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए और सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बराबरी का अवसर मिलना चाहिए।

हालांकि, रेलवे अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। कार्यक्रम के दौरान कुछ देर तक नाराजगी का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में समारोह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हो गया।

Related

JAUNPUR 1753709398529600324

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item