सांसद सीमा द्विवेदी ने मंत्री के साथ दिखाई पटना-कोटा एक्सप्रेस को हरी झंडी
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि जौनपुर को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पटना-कोटा एक्सप्रेस के ठहराव से विद्यार्थियों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। खासकर कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र, आगरा और मथुरा जाने वाले पर्यटक तथा राजस्थान जाने वाले यात्रियों को अब सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने इसे जौनपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह ठहराव क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है।
ट्रेन संख्या 13239 पटना-कोटा एक्सप्रेस प्रतिदिन शाम 5:41 बजे जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंचेगी और 5:43 बजे रवाना होगी। वहीं 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस दोपहर 12:35 बजे पहुंचेगी तथा 12:37 बजे प्रस्थान करेगी।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक, स्टेशन अधीक्षक, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य, सारिका सोनी, मनीष श्रीवास्तव, कमलेश निषाद, अमित सिंह वत्स, मनोज वत्स सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

