दूल्हा हत्याकांड में नया मोड़: नामजद अविनाश सिंह चौहान के परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार, डीएम-एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

पति को फंसाने की बात कहते हुये बेहोश होकर गिर पड़ी ईशा, परिजन रहे भावुक

जौनपुर। चर्चित दूल्हा हत्याकांड में सोमवार को उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला जब मामले में नामजद मेडिकल स्टोर संचालक अविनाश सिंह चौहान के परिजन न्याय की मांग लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
इस दौरान अविनाश सिंह चौहान की पत्नी ईशा सिंह अपने पति के लिए न्याय की गुहार लगाते-लगाते भावुक हो उठीं। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
परिवार की ओर से अविनाश की बहन काजल किरण सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई को राजनीतिक रंजिश का शिकार बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बड़उर गांव की प्रधानी की राजनीति के चलते प्रधानपति अमर बिंद द्वारा उनके भाई का नाम दूल्हा हत्याकांड के कथित षड्यंत्रकारियों में शामिल कराया गया है।
काजल ने बताया कि पुलिस ने 2 और 4 मई को उनके भाई से विस्तृत पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद पुलिस संतुष्ट होकर उन्हें घर भेज चुकी थी, लेकिन बाद में 11 मई को दोबारा उनका नाम मामले में जोड़ दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन परिस्थितियों में उनका नाम पुनः शामिल किया गया और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
परिजनों का कहना है कि अविनाश सिंह चौहान का आपराधिक रिकॉर्ड पूरी तरह साफ है और जिले के किसी भी थाने में उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। परिवार ने यह भी दावा किया कि घटना के दिन के सीसीटीवी फुटेज प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उनका कहना है कि यदि इन फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
वहीं ईशा सिंह ने कहा कि उनके पति को बिना पर्याप्त साक्ष्यों के इस मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और पूरा परिवार अविनाश पर निर्भर है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बयान देने वाली दूल्हे की बहन सौम्या बिंद को उनके पति का नाम तक ज्ञात नहीं था, फिर भी उन्हें मामले में आरोपी बनाया गया।
परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि सभी उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सत्य सामने आ सके और किसी निर्दोष व्यक्ति को कानून की प्रक्रिया में अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में पत्नी ईशा सिंह, माता मनसा देवी, बहन काजल किरण सिंह, पुत्री अदिति सिंह, जुड़वा बच्चे पार्थ और पीहू सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। परिवार ने प्रशासन से न्यायपूर्ण कार्रवाई करते हुए सच्चाई को जनता के सामने लाने की अपील की है।

Related

JAUNPUR 6951307827882171107

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item