गौशाला के मजदूर की लोहे की रॉड से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर स्थित गौशाला में मामूली विवाद और गाली-गलौज के बाद एक मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, चक बहादुर उर्फ भुवर सरोज पुत्र रामकरन सरोज निवासी निगोह थाना बरसठी पिछले कई महीनों से सुरहुरपुर गौशाला में मजदूरी करता था। वहीं गांव के एक व्यक्ति के यहां बकरी चराने का काम करने वाला शनि उर्फ अभिषेक कुमार (23) निवासी लखौवां उदपुर थाना बक्सा से शनिवार रात किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी।
रविवार सुबह गौशाला के गेट के पास भुवर सरोज का शव रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। आरोप है कि लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या की गई। शव मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही जलालपुर थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी शनि उर्फ अभिषेक कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच शनिवार रात विवाद और गाली-गलौज की बात सामने आई है। इसी रंजिश में आरोपी ने लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर वार कर भुवर सरोज की हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

