लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह ह*त्याकांड में एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार
लखनऊ। चर्चित प्रॉपर्टी डीलर एवं जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र स्थित टेकारी गांव निवासी संदीप सिंह ह*त्याकांड में उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने मामले में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी को देर रात आलमबाग बस स्टेशन के पास से दबोचा गया। संदीप सिंह की 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था।
एसटीएफ इससे पहले मामले के मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार गंगाराम यादव अम्बेडकरनगर जिले का निवासी है और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने शूटरों की व्यवस्था कराने में अपनी भूमिका स्वीकार की है। उसने बताया कि उसने दिनेश कुमार यादव तथा उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर इस वारदात में सहयोग किया था।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

