दुर्गा मंदिर की प्रतिमा खंडित कर नदी किनारे फेंकी, ग्रामीणों में आक्रोश

जफराबाद, जौनपुर। क्षेत्र के शिवपुर गांव स्थित लगभग 200 वर्ष पुराने प्राचीन दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को किसी अराजक तत्व द्वारा खंडित कर गोमती नदी किनारे फेंक दिए जाने से गुरुवार सुबह ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज लोगों ने कुछ समय के लिए जफराबाद-बेलाव मार्ग पर खंडित प्रतिमा रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे गांव निवासी हरिओम पाठक मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे, तब प्रतिमा अपने स्थान पर सुरक्षित थी। इसके बाद लगभग 8:30 बजे सखोई गांव निवासी उमेश अग्रहरि मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित है। इसकी सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंच गए।

घटना से क्षुब्ध ग्रामीणों ने खंडित प्रतिमा को लेकर जफराबाद-बेलाव मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और नई प्रतिमा स्थापित कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जफराबाद मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

बाद में क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) गोल्डी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रधान और ग्रामीणों के सहयोग से नई दुर्गा प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी तथा घटना में शामिल अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जफराबाद के अलावा जलालपुर के थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह और गौराबादशाहपुर के थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही।

Related

JAUNPUR 4178453748865252095

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item