टीईटी से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के हित संरक्षण की मांग, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

जौनपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (प्राथमिक संवर्ग) जौनपुर इकाई ने टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा हितों की रक्षा की मांग को लेकर गुरुवार को प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला संयोजक एवं मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में दिया गया।

महासंघ ने अपने ज्ञापन में कहा कि 23 अगस्त 2010 को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को न्यूनतम अर्हता के रूप में अधिसूचित किया गया था। इससे पहले देशभर में लाखों शिक्षकों की नियुक्तियां तत्कालीन नियमों एवं चयन प्रक्रियाओं के अनुरूप विधिवत रूप से की जा चुकी थीं। ऐसे शिक्षकों ने वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

संगठन ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एक सितंबर 2025 तथा पुनर्विचार याचिकाओं पर 29 मई 2026 को दिए गए निर्णयों के बाद देशभर के लाखों शिक्षकों में सेवा अधिकारों, पदोन्नति और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। महासंघ का मत है कि किसी नए पात्रता मानदंड को पूर्व प्रभाव से लागू करना न्याय, समानता और विधिक निश्चितता के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।

ज्ञापन में कहा गया कि न्यायालय के निर्णय का सम्मान सभी का संवैधानिक दायित्व है, किंतु जनहित में आवश्यक नीतिगत एवं विधायी समाधान उपलब्ध कराने का अधिकार संसद और सरकार के पास है। इसलिए केंद्र सरकार को इस विषय में सकारात्मक पहल करते हुए प्रभावित शिक्षकों को संरक्षण प्रदान करना चाहिए।

महासंघ ने मांग की कि 23 अगस्त 2010 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों तथा उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से स्थायी रूप से मुक्त किया जाए। साथ ही उनकी सेवा, वरिष्ठता, पदोन्नति एवं अन्य वैधानिक लाभों को पूर्ण संरक्षण दिया जाए। आवश्यकता पड़ने पर संसद में विधायी संशोधन अथवा विशेष प्रावधान लाकर इस वर्ग को स्थायी राहत प्रदान की जाए।

संगठन ने सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर शिक्षकों में व्याप्त असमंजस और असुरक्षा की स्थिति दूर करने की भी मांग की। महासंघ ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार शिक्षक समुदाय के हितों की रक्षा के लिए संवेदनशील एवं न्यायपूर्ण निर्णय लेगी।

इस अवसर पर जिला सहसंयोजक केशव सिंह, अभिषेक सिंह, ज्ञान प्रकाश उपाध्याय, रत्नेश सिंह, अरविंद प्रकाश, अखिलेश मिश्रा, राकेश सिंह, अभिषेक उपाध्याय, संदीप सिंह, टिल्लू सिंह, प्रीति श्रीवास्तव, प्रीति मौर्य, बबीता सिंह, नीतू सिंह, मधुलिका अस्थाना, शिवम सिंह, कंचन यादव, प्रमोद कुमार, सोमनाथ सिंह, डॉ. सतीश सिंह, सत्यदेव तिवारी, मोहम्मद अरशद, सुनील राघव, अनिरुद्ध कुमार, दिवाकर, जयप्रकाश यादव, अमरेंद्र गुप्ता, रवि भूषण मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

Related

JAUNPUR 2213153919212102693

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item