भीषण गर्मी के चलते जौनपुर के परिषदीय विद्यालयों का समय बदला
जौनपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया है। यह नया समय 16 जून 2026 से लागू होगा।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय विद्यालय अब प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। विद्यालयों में पठन-पाठन का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
निर्धारित समय-सारिणी इस प्रकार रहेगी—
- प्रार्थना सभा एवं योगाभ्यास : प्रातः 7:30 बजे से 7:40 बजे तक
- मध्यावकाश : प्रातः 10:00 बजे से 10:15 बजे तक
- पठन-पाठन : प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
वहीं शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य कार्यों का संपादन करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित समय-सारिणी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

