सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

जौनपुर। राजधानी लखनऊ में हुए दर्दनाक कोचिंग अग्निकांड के बाद जौनपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण कर साफ संदेश दिया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट और सक्सेस पाठशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन निकास मार्गों का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण में दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में कई गंभीर खामियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित संस्थान को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि "छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संस्थान को ऐसे हालात में संचालित होने की अनुमति नहीं दी जा सकती, जहां आपातकालीन स्थिति में छात्रों की जान जोखिम में पड़ जाए।"

उन्होंने बताया कि संबंधित संस्थान का मुख्य मार्ग बेसमेंट से होकर ऊपरी मंजिल तक जाता है, जो किसी दुर्घटना की स्थिति में बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे मामलों में जवाबदेही तय की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डीएम ने कहा कि वर्तमान में अध्ययनरत छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों को किसी भी कीमत पर छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने सभी संचालकों को निर्देश दिया कि फायर सेफ्टी सिस्टम, अग्निशामक यंत्र, विद्युत वायरिंग तथा आपातकालीन निकास मार्गों को मानकों के अनुरूप तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान सक्सेस पाठशाला में दो एग्जिट गेट, फायर फाइटिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। वहीं भारत लाइब्रेरी में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जिले के सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, क्षेत्राधिकारियों और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और छात्रावासों का व्यापक अभियान चलाकर निरीक्षण किया जाए। जो संस्थान बिना अनुमति या सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित पाए जाएं, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि "भवन निर्माण नियमों, फायर सेफ्टी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ प्रशासन पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा। विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।"

डीएम की इस कार्रवाई के बाद जिले के कोचिंग संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का मानना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गईं तो भविष्य में किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सकेगा।

Related

डाक्टर 4016474175009519312

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item