बच्चों की नानी के घर से हो गई वापसी मंगलवार को खुल जायेंगे परिषदीय स्कूल
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_223.html
जौनपुर। मई महीने की 20 तारीख से चल रही गर्मी की छुट्टी सोमवार को समाप्त हो गई। मंगलवार को परिषदीय विद्यालयों में फिर से शिक्षण कार्य शुरू हो जायेगा। एक बार फिर से परिषदीय विद्यालय गुलजार हो जायेंगे। इधर सोमवार को चिलचिलाती धूप के बीच भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। स्कूलों के खुलने के मद्देनजर सोमवार को बच्चों ने नानी के घर से वापसी कर ली।
भीषण गर्मी के मद्देनजर बच्चों को आशा थी कि ग्रीष्मावकाश कुछ दिनों के लिए और बढ़ सकता है लेकिन दिन भर चले उहापोह के बीच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सोमवार की शाम को परिषदीय विद्यालयों को मंगलवार से खोलने का आदेश जारी कर दिया।तेज धूप और भीषण गर्मी के दृष्टिगत जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के आदेश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने छात्र हित में आठवीं तक के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य का समय अग्रिम आदेश तक सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित कर दिया है।यू के जी में पढ़ने वाले छात्र साहस सिंह और सातवीं में पढ़ने वाले धैर्य सिंह कहते हैं कि गर्मी की छुट्टी बढ़ने की उन्हें उम्मीद थी लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

