संघर्ष एवं प्रतिभा के दम पर टीवी इण्डस्ट्री में पहचान बना रहीं अनन्या समर्थ
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_224.html
जौनपुर। मनोरंजन जगत की प्रतिस्पर्धा भरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना आसान नहीं होता लेकिन प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर अभिनेत्री अनन्या समर्थ ने यह मुकाम हासिल किया है। टेलीविजन, वेब सीरीज, विज्ञापनों और म्यूजिक एल्बमों में काम कर चुकीं अनन्या आज छोटे पर्दे पर अपनी दमदार अभिनय क्षमता से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। वर्तमान में अनन्या टीवी धारावाहिक 'मन सुंदर' में अग्नि और 'मिस्टर एंड मिसेज परशुराम' में प्राची की भूमिका निभा रही हैं। एक साथ दो धारावाहिकों में अभिनय कर वह अपनी बहुमुखी प्रतिभा और समर्पण का परिचय दे रही हैं। अभिनय के साथ अनन्या प्रशिक्षित शास्त्रीय कथक नृत्यांगना भी हैं। बचपन से ही उन्हें अभिनय और नृत्य का शौक रहा, जिसे उन्होंने वर्षों की मेहनत और अभ्यास से निखारा। अपने अभिनय और नृत्य कौशल के लिए उन्हें कई पुरस्कार और सम्मान भी मिल चुके हैं। अनन्या ने अपने करियर के शुरुआती संघर्षों और चुनौतियों का जिक्र करते हुए बताया कि मुंबई में खुद को स्थापित करने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया और अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ती रहीं। उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव तब आया जब धारावाहिक 'मन सुंदर' में अग्नि के किरदार के लिए उन्हें बेस्ट विलेन श्रेणी में नामांकन मिला। उनके प्रभावशाली अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा है। अनन्या समर्थ का मानना है कि सफलता केवल लोकप्रियता हासिल करने का नाम नहीं है, बल्कि एक कलाकार के रूप में निरंतर सीखते रहना और अपने अभिनय से दर्शकों से जुड़ना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उनकी सफलता की कहानी यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।

