विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति पर बीएसए सख्त, घर-घर संपर्क कर छात्रों को स्कूल लाने के दिए निर्देश
जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मंगलवार को स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के दो परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र उपस्थिति और आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुबह करीब 10 बजे बीएसए प्राथमिक विद्यालय केशवपुर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति नहीं मिली, जबकि सभी शिक्षक समय से उपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका फिरदौस फातिमा को निर्देशित किया कि शिक्षकों की टोली बनाकर विद्यार्थियों के घर-घर संपर्क करें तथा अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें।
इसके बाद बीएसए पीएमश्री विद्यालय विथार पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानाध्यापिका विद्योतमा उपाध्याय को निर्देश दिया कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति प्रतिदिन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर अभी से तैयारियां शुरू करने तथा विद्यार्थियों को योग के महत्व के प्रति जागरूक करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का भी आकलन किया और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाया जाए ताकि बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार हो सके।
बीएसए ने दोनों विद्यालयों के शिक्षकों को समयबद्धता का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि सभी शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचें। निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षक विलंब से उपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर विंध्यवासिनी उपाध्याय, फिरदौस फातिमा, विद्योतमा उपाध्याय सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

