रिहायशी मड़हों में लगी आग, नकदी समेत गृहस्थी का सामान राख
जफराबाद, जौनपुर। क्षेत्र के कबुलपुर धरिकार बस्ती में शुक्रवार दोपहर अचानक लगी आग से दो रिहायशी मड़हे जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से नकदी, खाद्यान्न और घरेलू उपयोग का सामान नष्ट हो गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अशोक कुमार धरिकार मजदूरी के लिए बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी दवा लेने कबुलपुर बाजार गई थीं। इसी दौरान उनके मड़हे में आग लग गई। ग्रामीणों ने उन्हें घटना की सूचना दी। जब तक वह मौके पर पहुंचीं, तीन मड़हों में से दो पूरी तरह जल चुके थे।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और एक मड़हे को जलने से बचा लिया। आग से करीब पांच हजार रुपये नकद, खाद्यान्न तथा अन्य गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। अशोक कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान मुजम्मिल ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दो से तीन दिनों के भीतर उनके रहने के लिए सीमेंट शेड की व्यवस्था कराई जाएगी।

