शाही किले में गूंजा योग का संदेश, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

जौनपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को ऐतिहासिक शाही किला परिसर योगमय हो उठा। "योग फॉर हेल्दी एजिंग" (स्वस्थ आयु के लिए योग) थीम पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों समेत लगभग तीन हजार लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह "प्रिंशू", नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के योग दिवस संदेश का सजीव प्रसारण भी देखा गया। इसके बाद पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति ने सभी प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, उत्तानपादासन, शशकासन, मकरासन और भुजंगासन के साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा शीतली प्राणायाम का अभ्यास किया।

योग को जीवनशैली बनाने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के 200 से अधिक देशों में लोग योग को अपनाकर लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे ऋषि-मुनियों ने मानव कल्याण के लिए विकसित किया था। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

सेल्फी प्वाइंट और पौध वितरण बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी किया गया तथा लोगों से पौधरोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया।

योग प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित

योग दिवस समारोह में योग प्रशिक्षक अचल हरिमूर्ति, जगदीश विकास, सुप्रिया सिंह, वंदना साहू, क्षमा सिंह, अमित सिंह और शशिभूषण यादव ने उत्कृष्ट योग प्रदर्शन किया। जनप्रतिनिधियों ने सभी प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

योग सप्ताह में 6.71 लाख से अधिक लोगों ने की सहभागिता

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, एनसीसी स्वयंसेवकों एवं पुलिस प्रशासन की सराहना की। उन्होंने बताया कि 15 से 20 जून तक आयोजित योग सप्ताह के दौरान जनपद के तहसील, विकास खंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कुल 6,71,370 लोगों ने योगाभ्यास कार्यक्रमों में सहभागिता की, जो जनपद में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रीति एवं नूपुर श्रीवास्तव ने किया।

Related

JAUNPUR 1798271311973390398

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item