अधूरे हाईवे पर मृतकों की स्मृति में निकला कैंडल मार्च
चंदवक (जौनपुर)। वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के अधूरे निर्माण के कारण हुई सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में रविवार को पूर्वांचल किसान संगठन के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। संगठन के अध्यक्ष एवं किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च गाजीपुर रोड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल से शुरू होकर चंदवक चौराहा स्थित गांधी पार्क तक पहुंचा। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दुर्घटनाओं में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
अजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के निर्माण में केराकत तहसील क्षेत्र का करीब 16 किलोमीटर हिस्सा अब भी अधूरा है। मुआवजा प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद सड़क निर्माण पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधूरी सड़क पर भारी वाहनों के तेज गति से आवागमन के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और पिछले वर्षों में लगभग 500 लोगों की जान जा चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण हुए बिना टोल टैक्स की वसूली की जा रही है, जो जनता के साथ अन्याय है। मांग की गई कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए या नो-एंट्री लागू की जाए, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस अवसर पर सुजीत सिंह, जैकेश भास्कर, महेंद्र प्रजापति, जय प्रकाश राम, रामेश्वर सिंह, अरविंद पांडेय, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

