सई नदी में नहाते समय दो किशोरियों की डूबकर मौ*त, गांव में मचा कोहराम
जलालपुर, जौनपुर। थाना क्षेत्र के नहोरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में सई नदी में नहाने गई दो किशोरियों की डूबने से मौ*त हो गई, जबकि एक अन्य किशोरी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नहोरा गांव की छह किशोरियां—गुड़िया (17) पुत्री भोलानाथ, आंचल (17) पुत्री राधेश्याम, शिवांगी (17) पुत्री भैयालाल, गुंजा (18) पुत्री पारसनाथ, ननका उर्फ अंजली (16) पुत्री छबिनाथ तथा दीपा पुत्री मच्छर उर्फ अमरनाथ—एक साथ गांव के समीप बहने वाली सई नदी में नहाने गई थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय सभी किशोरियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। नदी में मौजूद लोगों ने शोर सुनकर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और किसी तरह सभी को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक गुड़िया और शिवांगी की हालत गंभीर हो चुकी थी। दोनों को बचाने का प्रयास किया गया, किन्तु उनकी मौत हो गई।
वहीं गुंजा की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अन्य तीन किशोरियां सुरक्षित बताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक साथ दो किशोरियों की मौत से नहोरा गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक छात्राओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

