जौनपुर सिटी स्टेशन का बदलेगा स्वरूप, अमृत भारत योजना के कार्यों का अफसरों ने लिया जायजा
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_617.html
जौनपुर। भारतीय रेल की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने स्टेशन पहुंचकर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में विकसित की जा रही यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन उपलब्ध कराना है।
बुकिंग कार्यालय का निरीक्षण करते समय वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने वहां अत्यधिक गर्मी की समस्या पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल एयर कंडीशनर (एसी) लगाने के निर्देश दिए, ताकि टिकट लेने आने वाले यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए बुकिंग एवं आरक्षण कार्यालय का विस्तार किया जाना आवश्यक है। इससे टिकट वितरण व्यवस्था और अधिक सुगम होगी तथा यात्रियों को लंबी कतारों और असुविधा से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय, वाणिज्य निरीक्षक (सुल्तानपुर) विवेक त्रिपाठी तथा आरक्षण पर्यवेक्षक अनुराग तिवारी सहित रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

