अर्चना अग्रवाल के नेतृत्व में राजस्व परिषद को मिलेगी नई रफ्तार: एसपी तिवारी
बदलापुर। उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालते ही वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल के नेतृत्व में राजस्व प्रशासन और न्यायिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष एसपी तिवारी ने कहा कि उनके प्रशासनिक अनुभव और प्रभावी कार्यशैली से राजस्व परिषद की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनेगी।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में राजस्व परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एसपी तिवारी ने उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया तथा नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसपी तिवारी ने कहा कि 1990 बैच की आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव, प्रभावी निर्णय क्षमता और सुशासन की कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। उनके नेतृत्व में लंबित राजस्व एवं न्यायिक मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी और आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय मिलने का मार्ग और सुगम होगा। उन्होंने कहा कि अर्चना अग्रवाल राजस्व परिषद अध्यक्ष के साथ-साथ परिवहन विभाग की अपर मुख्य सचिव का दायित्व भी निभाती रहेंगी।
मुलाकात के दौरान कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एसपी तिवारी ने विभागीय कर्मचारियों की लंबित प्रोन्नति का मामला प्रमुखता से उठाया। इस पर अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि प्रोन्नति प्रक्रिया पर निर्णय लिया जा चुका है और शीघ्र ही करीब 700 कर्मचारियों की प्रोन्नति सूची जारी कर दी जाएगी।
इसके अलावा एसपी तिवारी ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में नियमित भर्ती की आवश्यकता का मुद्दा भी रखा। इस पर अर्चना अग्रवाल ने बताया कि रोडवेज में चालक और परिचालक के पदों पर संविदा के बजाय नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे योग्य युवाओं को रोजगार मिलने के साथ यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री संजय कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष एस.के. श्रीवास्तव, राज्य ट्रेड टैक्स मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के मंत्री विपिन कुमार सहित परिषद के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

