सड़क पर भिड़े पति-पत्नी, पत्नी घायल, राहगीरों ने कराया बचाव
जफराबाद (जौनपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के पड़ाव के पास शनिवार को पति-पत्नी के बीच बीच सड़क पर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी के चेहरे पर चोट लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। घटना के बाद पत्नी अपने मायके चली गई।
जानकारी के अनुसार, लाइनबाजार थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी युवक अपनी पत्नी के साथ मुंबई में रहता है, जहां वह फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया जा रहा है कि पति के किसी अन्य महिला से कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर मुंबई में कई बार पुलिस तक शिकायत पहुंची, जहां समझौता कराकर दोनों को साथ रहने की सलाह दी गई थी।
बताया गया कि लगातार विवाद के बाद पति अपनी पत्नी को गोदान एक्सप्रेस से लेकर जौनपुर आ रहा था। महिला का आरोप है कि ट्रेन यात्रा के दौरान भी कथित महिला का फोन आने पर दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। उसने रास्ते में ही अपने परिजनों को इसकी सूचना दे दी।
जफराबाद रेलवे स्टेशन पर महिला के चाचा उन्हें लेने पहुंचे और दोनों को एक ऑटो रिक्शा से घर के लिए रवाना किया। उन्होंने दोनों पक्षों के परिवारों को बैठाकर बातचीत से विवाद सुलझाने की बात कही थी। लेकिन ऑटो में बैठने के बाद दोनों के बीच फिर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
ऑटो से उतरने के बाद रेलवे स्टेशन के पड़ाव के पास दोनों सड़क पर ही एक-दूसरे से उलझ गए। मारपीट के दौरान पत्नी के चेहरे पर चोट लग गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद महिला अपने मायके चली गई। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

