गोरखपुर क्षेत्र की कमान संभालेंगे डॉ. विनोद राय, प्रधानाचार्य परिषद जौनपुर ने दी बधाई
जौनपुर। प्रधानाचार्य परिषद की बैठक शनिवार को जनक कुमारी इंटर कॉलेज में परिषद के अध्यक्ष डॉ. जंगबहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में परिषद के पूर्व प्रधानाचार्य एवं ग्रामोदय इंटर कॉलेज, गौराबादशाहपुर के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. विनोद कुमार राय के भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. जंगबहादुर सिंह ने कहा कि डॉ. विनोद कुमार राय बचपन से ही कर्मठ, जुझारू और नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण रहे हैं। उन्होंने भाजपा में मंडल अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और बाद में महामंत्री, आजमगढ़ जिलाध्यक्ष तथा गोरखपुर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनकी लोकप्रियता, संगठन क्षमता और कार्यकर्ताओं की मांग को देखते हुए उन्हें गोरखपुर क्षेत्र का नेतृत्व सौंपा है। विश्वास है कि उनके नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश संरक्षक डॉ. रमेश सिंह ने कहा कि डॉ. विनोद कुमार राय उनके बचपन के मित्र और सहपाठी रहे हैं। दोनों ने एक ही विद्यालय में अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि संगठन में लगातार महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से शिक्षा जगत के लोगों में भी खुशी का माहौल है।
बैठक में डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. उदय राज सिंह, डॉ. अनिल कुमार उपाध्याय, डॉ. जयप्रकाश सिंह, सुधाकर उपाध्याय, डॉ. सुभाष सिंह, डॉ. राजेश त्रिपाठी, डॉ. सत्यप्रकाश सिंह, रमेश सिंह, डॉ. जयप्रकाश सिंह 'बाबा', डॉ. राकेश सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. संतोष दुबे, मो. नासिर, डॉ. ओमप्रकाश शाही, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. सर्वेश द्विवेदी, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. अमित कुमार दुबे सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।



