बक्शा पुलिस पर रिश्वतखोरी का आरोप, एसपी कार्यालय का गेट बंद कर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
जौनपुर। बक्शा थाना पुलिस पर धन लेकर मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के बैनर तले अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट बंद कर धरना दिया, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में आवागमन भी प्रभावित रहा।
कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह के नेतृत्व में सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता एसपी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बक्शा थाना पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय धन लेकर मुकदमे दर्ज कर रही है, जिससे आम लोगों का पुलिस व्यवस्था से विश्वास उठ रहा है। अधिवक्ताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
करीब एक घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, एएसपी ग्रामीण आतिश सिंह तथा सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अधिवक्ताओं से वार्ता कर उनकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने अपना धरना स्थगित कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

