मुहर्रम को लेकर गौराबादशाहपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
गौराबादशाहपुर, जौनपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को गौराबादशाहपुर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने की। इसमें क्षेत्र के धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने कहा कि मुहर्रम के दौरान शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
बैठक में मुहर्रम के जुलूस मार्ग, ताजिया स्थापना स्थलों, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इस अवसर पर उपस्थित धर्मगुरुओं एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में सूबेदार यादव, कमलेश सरोज, सुजीत जायसवाल, नितेश सिंह, आतिश सोनकर, सागर साहू, मंडल उपाध्यक्ष लल्लन सिंह, शीशवंस सिंह, धर्मगुरु एवं विभिन्न समितियों के पदाधिकारी सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

