लखनऊ अग्निकांड के बाद जौनपुर प्रशासन का ताबड़तोड़ एक्शन, रेस्टोरेंट, लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी

 

जौनपुर। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जौनपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए गुरुवार को प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर छापेमारी कर अग्नि सुरक्षा मानकों, लाइसेंस और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।

सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अचानक हुई कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मच गया और कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

प्रशासन की टीम ने कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, विद्युत वायरिंग, भवन की क्षमता तथा सुरक्षा मानकों की जांच की। वहीं रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया। कई जगहों पर आवश्यक दस्तावेजों और अनुमति पत्रों की भी जांच की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लखनऊ में हुई दुखद घटना के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खामियां मिलने की जानकारी भी सामने आई है, जिनके संबंध में संचालकों को नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है।

सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी सार्वजनिक स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर विषय है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने कहा कि प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा ताकि किसी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।


Related

डाक्टर 4528537709452223334

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item