शादी समारोह में महिलाओं पर टिप्पणी का विरोध पड़ा भारी, युवक से मारपीट
जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के शाहमऊ गांव में एक शादी समारोह के दौरान महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध करने पर कुछ युवकों ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद समेत छह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जूड़ापुर निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामकेवल नौ जून को शाहमऊ गांव में अपने रिश्तेदारी के एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। आरोप है कि समारोह में मौजूद कुछ युवक महिलाओं और युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे थे। सुरेंद्र द्वारा इसका विरोध किए जाने पर सोहन, विजय पुत्रगण दीने, अंकुश पुत्र रामदवर तथा विशाल पुत्र माले निवासी शाहमऊ समेत दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने डंडों से मारपीट की, जिससे उसके बाएं हाथ में गंभीर चोट और सूजन आ गई। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद और दो अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

