जन्मदिन की पार्टी में विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन हिरासत में

 

जौनपुर बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव में सोमवार दोपहर जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद में मनबढ़ युवकों ने एक 20 वर्षीय युवक की बल्ली से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया (लेदुका) गांव निवासी सुमित कुमार सिंह (20) पुत्र नीरज सिंह उर्फ गुड्डू अपनी बाइक बनवाने के लिए घर से करीब चार किलोमीटर दूर मई गांव आए थे। बाइक बनवाने के बाद लौटते समय दरियावगंज रोड स्थित नहर के पास उनके कुछ परिचित जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे, जहां शराब पार्टी चल रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान किसी बात को लेकर सुमित और वहां मौजूद कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि शिवम , शनि समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने पास में पड़े निर्माण सामग्री की बल्ली उठाकर सुमित पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सुमित की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, सीओ बदलापुर तथा कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

समाचार लिखे जाने तक मृतक के पिता नीरज सिंह उर्फ गुड्डू की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related

JAUNPUR 5448887979866698379

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item