जंघई स्टेशन पर बह रहा हजारों लीटर पानी, जिम्मेदारों की नजर से ओझल टूटी टोटी
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_851.html
जंघई। एक ओर जहां जल संरक्षण को लेकर सरकार और प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जंघई रेलवे स्टेशन पर पानी की बर्बादी का नजारा जिम्मेदार विभागों की लापरवाही की कहानी बयां कर रहा है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर जीआरपी और आरपीएफ चौकी के समीप लगी एक टोटी कई दिनों से खराब होकर लगातार पानी बहा रही है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।
हैरानी की बात यह है कि यह टोटी रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी चौकी के बिल्कुल पास स्थित है, जहां से प्रतिदिन रेलवे कर्मियों और अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद अब तक इसे ठीक कराने की कोई पहल नहीं की गई है।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि पानी की प्रत्येक बूंद कीमती है, लेकिन स्टेशन परिसर में खुलेआम हो रही इस बर्बादी पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से खराब टोटी को तत्काल ठीक कराकर पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है।
जल संरक्षण के प्रति जागरूकता के इस दौर में रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर पानी की इस तरह हो रही बर्बादी कई सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक समाधान सुनिश्चित करता है।

