हर घर जल योजना पर उठे सवाल, घर इधर- नल की टोटी उधर
ग्रामीण प्रकाश पाल, छविराज पाल, साहब पाल, विनीत सिंह, रामबली पाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने हर घर जल योजना के तहत कनेक्शन लिया था। कनेक्शन स्वीकृत होने के बाद विभागीय कर्मचारियों ने उनके घरों के सामने सड़क के दूसरी तरफ नल की टोटियां स्थापित कर दीं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने टोटियां घर के समीप लगाने की मांग की तो कर्मचारियों ने पक्की सड़क काटने में असमर्थता जताते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया। इससे योजना का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके घर सड़क के इस पार हैं, जबकि पानी की टोटी दूसरी ओर लगी है। भविष्य में यदि उस स्थान पर निर्माण हो गया तो जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो सकती है।
ग्रामीणों ने विभाग से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों में नाराजगी और बढ़ सकती है।

