स्वनिधि महोत्सव में गूंजा आत्मनिर्भरता का संदेश, लाभार्थियों को किया गया सम्मानित
जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर के टाउन हॉल मैदान में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह "प्रिंसू" ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। उन्होंने कहा कि बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराकर सरकार छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट वेंडरों को 30 हजार रुपये तक का क्रेडिट कार्ड भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का पूरा लाभ उठाने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। स्वनिधि योजना ने छोटे कारोबारियों को आर्थिक मजबूती देने के साथ उन्हें नई पहचान भी दिलाई है। सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
विशिष्ट अतिथि जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, महिला और किसान वर्ग के सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं। वहीं डॉ. राम सूरत मौर्या ने कहा कि सरकारी योजनाएं केवल सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम भी बन रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने कहा कि पालिका क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वनिधि योजना से छोटे व्यापारियों को आर्थिक संबल मिला है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों को सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं की मदद से उन्हें व्यवसाय विस्तार और आर्थिक मजबूती का अवसर मिला है।
कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। इस अवसर पर कर अधीक्षक अंजू राय, सिटी मिशन मैनेजर जितेंद्र सिंह, सभासद राहुल साहू, संदीप चौधरी, राजस्व निर्धारण अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, कर विभाग के राजस्व निरीक्षक, लिपिक एवं कर संग्रहकर्ता, राजस्व लिपिक रिजवान हैदर तथा यूनियन बैंक एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

