श्री रामजानकी मंदिर का बदलेगा स्वरूप, 1.34 करोड़ की परियोजना का राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया शिलान्यास
जौनपुर। नगर के मियापुर मोहल्ला स्थित श्री रामजानकी मंदिर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वन्दन योजना के अंतर्गत ₹1 करोड़ 34 लाख की अवस्थापना विकास परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया।
राज्यमंत्री ने विधि-विधान से भूमि पूजन करने के बाद शिलापट्ट का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के धार्मिक एवं आस्था स्थलों का सुनियोजित विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन्दन योजना के तहत श्री रामजानकी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक एवं मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और जौनपुर में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि श्री रामजानकी मंदिर जौनपुर की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सरकार की इस पहल से मंदिर को भव्य स्वरूप मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा तथा परिसर का समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष (दक्षिणी) कमलेश निषाद ने की, जबकि संचालन सभासद नंदलाल यादव ने किया।
इस अवसर पर सुनीत प्रकाश श्रीवास्तव 'पिंटू', अतुल सिंह 'काका', अरुण सिंह, कमल सिंह, गिरीश कुमार सिंह 'पप्पू', अतुल श्रीवास्तव, गौरव जायसवाल, मनीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, बसंत प्रजापति, संतोष मौर्य, माधुरी गुप्ता, मिलन श्रीवास्तव, संदीप गुप्ता, सुप्रतीक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

