वंशराज ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाई : वीरेंद्र यादव
वंशराज यादव की 15वीं पुण्यतिथि पर जागरूकता का आयोजन
जनता जनार्दन इंटर कॉलेज जासोपुर मे हुआ कार्यक्रम
जौनपुर । जनता जनार्दन इंटर कॉलेज जासोपुर में संस्थापक स्व. वंशराज यादव की 15वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षक नेता वीरेंद्र यादव ने स्व. वंशराज यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। विशिष्ट अतिथि मुन्ना पांडे, गौरव तिवारी, संतलाल गौड़, चंद्रशेखर यादव और अमित उपाध्याय ने भी संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
मुख्य अतिथि शिक्षक नेता वीरेंद्र यादव ने कहा कि स्व. वंशराज यादव ने ग्रामीण क्षेत्रो मे शिक्षा की अलख जगाई ,शिक्षा को समाज के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम माना। उनके प्रयासों से क्षेत्र में शैक्षिक वातावरण को मजबूती मिली और आज भी विद्यालय के माध्यम से विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थापक के विचार और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी है।विशिष्ट अतिथियों ने कहा कि स्व. वंशराज यादव का योगदान केवल विद्यालय की स्थापना तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।विद्यालय के प्रबंधक लाल साहब यादव ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। संचालन प्रधानाचार्य रमेश चंद्र ने किया।

