फर्जी आधार कार्ड बनाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
₹92 हजार नकद, 10 फर्जी आधार कार्ड और 2 मोबाइल बरामद, फरार सरगना की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश
जौनपुर। ऑनलाइन साइबर ठगी के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई लूटने वाले संगठित गिरोह पर जौनपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। साइबर क्राइम थाना/सेल की टीम ने विशेष अभियान 'Cy-Vajra' के तहत कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से ₹92 हजार की ठगी की नकदी, 10 फर्जी आधार कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर साइबर क्राइम थाना की टीम ने गुरुवार सुबह सिटी रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया, जब वे जनपद छोड़कर भागने की फिराक में थे।
पूछताछ में खुला साइबर ठगी का पूरा खेल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना दीपेश उर्फ दीपु ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराता था। इसके बाद आरोपी एटीएम से नकदी निकालकर 80 प्रतिशत हिस्सा सरगना को और 20 प्रतिशत रकम आपस में बांट लेते थे।
इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने और विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाने के लिए गिरोह फर्जी आधार कार्ड तैयार कर उनका इस्तेमाल करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए हैं।
गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गिरोह के कई अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फरार सरगना दीपेश की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
साइबर पुलिस की अपील
जौनपुर साइबर क्राइम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, मोबाइल नंबर या पहचान पत्र इस्तेमाल करने के लिए न दें। ऐसा करना आपको भी साइबर अपराध का भागीदार बना सकता है। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
Shirazehind.com अपने पाठकों से भी अपील करता है कि थोड़ी-सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक ठगी से बचा सकती है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

