जिला प्रशासन का दावा, जौनपुर में लगेगा 60.73 लाख पौधों का हरित महाअभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ बनेगा जनआंदोलन
शनिवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में महानिदेशक मत्स्य एवं पौधरोपण अभियान की नोडल अधिकारी धनलक्ष्मी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों का जायजा लिया गया और संबंधित विभागों को अंतिम दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बताया कि जनपद का मुख्य पौधरोपण कार्यक्रम करंजाकला विकासखंड के काफरपुर में आयोजित होगा, जिसमें खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय है। सभी विभागों से गड्ढों की खुदाई, पौधों के उठान एवं वितरण तथा पौधरोपण स्थलों की तैयारियों की नियमित रिपोर्ट ली जा रही है, ताकि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दिव्या ने बताया कि वन विभाग ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है। नर्सरियों से पौधों का उठान तेज़ी से कराया जा रहा है और ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों को पौधों का वितरण जारी है।
जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य अधिक लक्ष्य वाले विभागों को विशेष सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। पौधरोपण स्थलों का सत्यापन, गड्ढों की तैयारी, पौधों की उपलब्धता, जियो-टैगिंग तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी तय की गई है। अभियान के समन्वय के लिए वन विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, डीपीआरओ नवीन सिंह, डीसी मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

