रसूलाबाद रेलवे पुलिया के नीचे 70 हजार की लूट, सीमा विवाद में घंटों उलझी रही दो थानों की पुलिस
शराब कारोबारी के कर्मचारी से बदमाशों ने असलहे के बल पर छीने रुपये, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जौनपुर। शहर के रसूलाबाद रेलवे पुलिया के नीचे शुक्रवार की शाम स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर शराब कारोबारी के कर्मचारी से 70 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही लाइनबाजार और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन दोनों थानों की पुलिस काफी देर तक घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में आता है, इसी सीमा विवाद में उलझी रही। यही कारण रहा कि खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मरदानपुर मोहल्ला निवासी विशाल जायसवाल की पत्नी प्रियंका जायसवाल की आदमपुर मोहल्ले में देसी शराब की दुकान है। शुक्रवार की शाम दुकान का कर्मचारी विकास जायसवाल बिक्री के 70 हजार रुपये लेकर उनके घर जा रहा था। जैसे ही वह शाम करीब छह बजे रसूलाबाद रेलवे पुलिया के नीचे पहुंचा, पहले से घात लगाए स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने असलहा दिखाकर कर्मचारी को आतंकित किया, उसके साथ मारपीट की और 70 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। हालांकि सीमा विवाद के कारण देर तक कार्रवाई प्रभावित रही, जिससे पीड़ित पक्ष में नाराजगी देखने को मिली।

