सोनम वांगचुक के समर्थन में AAP का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
पेपर लीक पर सख्त कानून और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
'मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी' अभियान को भी दिया समर्थन, कहा—युवाओं की आवाज़ दबाना लोकतंत्र के खिलाफ
जौनपुर। आम आदमी पार्टी (आप) की जौनपुर इकाई ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे शिक्षाविद सोनम वांगचुक के साथ कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, पेपर लीक के खिलाफ कठोर कानून और युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाई।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि देश का युवा लगातार बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे समय में युवाओं की आवाज़ बुलंद करने वाले लोगों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास।
उन्होंने कहा कि "सोनम वांगचुक का आंदोलन करोड़ों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है। यदि शांतिपूर्ण आंदोलन करने वालों पर दमनात्मक कार्रवाई होती है तो यह लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। आम आदमी पार्टी पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, पेपर लीक मुक्त व्यवस्था और युवाओं के रोजगार के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।"
ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई कि जंतर-मंतर पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लिया जाए, पेपर लीक पर प्रभावी एवं कठोर कानून बनाया जाए, युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने के बाद आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाजसेवी प्रदीप मिश्रा द्वारा संचालित "मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी" अभियान के तहत आयोजित एकदिवसीय उपवास एवं धरना स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने अभियान को अपना समर्थन देते हुए जनहित के मुद्दों पर एकजुटता का संदेश दिया।
इस दौरान राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनहित से जुड़े हर सकारात्मक आंदोलन में आम आदमी पार्टी हमेशा जनता के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने "मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी" अभियान को ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह बागी, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अनिलधर, महासचिव विनोद कुमार प्रजापति, एससी-एसटी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र गौतम, खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष रवीश यादव, यूथ अध्यक्ष राम सजीवन, विशाल यादव, अबूसाद, आफताब आलम, शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनोद कुमार, अजीम शाह, जीतू, शुभम यादव, सिकंदर, पंकज गुप्ता, शिवराज, सुरेश, राजकुमार, नीरज यादव, हितेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

