फर्जी आयकर अधिकारी बनकर सर्राफा दुकान में लूट का प्रयास, चार गिरफ्तार

 

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर बाजार में सर्राफा व्यवसायी की दुकान पर फर्जी आयकर अधिकारी बनकर छापेमारी और लूट का प्रयास करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से फर्जी आयकर विभाग के पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, निर्वाचन पहचान पत्र, फर्जी नंबर प्लेट लगी बोलेरो तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे गोपालापुर बाजार स्थित सर्राफा व्यवसायी दिनेश चंद्र बरनवाल की दुकान पर कुछ लोग खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर पहुंचे। आरोप है कि जांच के नाम पर उन्होंने दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। विरोध करने पर व्यवसायी से मारपीट की गई और उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर भागने की कोशिश की गई। व्यवसायी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे आरोपित भाग नहीं सके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद रोशन तिवारी उर्फ चाहत तिवारी निवासी जलालपुर, अजय कुमार पटेल निवासी मुंगराबादशाहपुर, दिलीप कुमार निवासी वाराणसी तथा राजेश कुमार उपाध्याय निवासी सिकरारा को गिरफ्तार कर लिया। मामले में जितेंद्र कुमार सिंह निवासी सिकरारा अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों के पास से दो फर्जी आयकर विभाग के आईडी कार्ड, दो आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, दो निर्वाचन पहचान पत्र, दो ड्राइविंग लाइसेंस, फर्जी नंबर प्लेट लगी बोलेरो और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Related

JAUNPUR 1958731606831073610

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item